राजू ने मुख्यमंत्री के बेटे के व्यापार में धन लगाया : नायडू
नायडू के इस आरोप पर सत्ताधारी कांग्रेसी सदस्य भड़क उठे। कांग्रेसी सदस्यों ने जवाबी हमले में नायडू पर राजू से पैसे लेने का आरोप लगाया।
कांग्रेसी सदस्यों ने कहा कि नायडू ने अपने बेटे को अमेरिका में पढ़ाने के लिए भी राजू से पैसे लिए थे।
बहस की शुरुआत करते हुए नायडू ने सरकार व सत्यम के बीच साठगांठ का आरोप लगाया। नायडू ने दावा किया कि सरकार द्वारा दिया गया सीआईडी (क्राइम इनवेस्टिगेशन डिपार्टमेंट) जांच का आदेश इस साठगांठ को छुपाने का प्रयास है।
तेलगू देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष नायडू ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के परिवार द्वारा संचालित 14 कंपनियों का इस्तेमाल राजू द्वारा काले धन को सफेद धन में परिवर्तित करने के लिए किया जाता रहा।
नायडू ने वाई.एस.आर. को बताया, "राजू ने आपकी कंपनियों में पैसे लगाए।"
नायडू ने वाइ.एस.आर. के बेटे जगमोहन रेड्डी पर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, विदेशी विनिमय नियमन अधिनियम, भारतीय प्रतिभूति व विनिमय बोर्ड (सेबी) के नियमों सहित कई कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया।
नायडू ने आरोप लगाया कि इन कंपनियों ने विभिन्न स्रोतों से 6 अरब रुपये हासिल किए। इन पैसों का इस्तेमाल 'साक्षी' नामक तेलुगू दैनिक के प्रकाशन में तथा 'इंदिरा' नामक टीवी चैनल शुरू करने में किया गया।
नायडू के आरोपों के जवाब में कांग्रेस पार्टी ने भी उन पर जमकर आरोप मढ़े। सरकार के मुख्य सचेतक किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि नायडू के शासनकाल में राजू को पूर्ण संरक्षण प्राप्त हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि एनटीआर ट्रस्ट से लेकर टीडीपी से संबंधित कई अन्य ट्रस्ट ने सत्यम से पैसे लिए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications