बिहार में नक्सली हमले में थाना प्रभारी समेत 10 पुलिसकर्मी शहीद (लीड-1)
पुलिस के अनुसार यह घटना उस समय हुई, जब पुलिसकर्मी महुलियाटांड़ गांव में आयोजित रविदास जयंती समारोह में हिस्सा ले रहे थे। इस समारोह में कौआकोल थाना प्रभारी रामेश्वर राम को सम्मानित किया जाना था।
समारोह स्थल पर नक्सलियों की एक टुकड़ी भी उपस्थित थी। नक्सलियों ने अचानक पुलिसकर्मियों पर धावा बोल दिया और थाना प्रभारी समेत 10 पुलिसकर्मियों को भून डाला। सभी की मौके पर मौत हो गई।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता, सहायक अपर पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) नीलमणि ने बताया कि शहीद पुलिसकर्मियों में विशेष सहायक बल (सैप) के चार तथा बिहार पुलिस बल के चार जवान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नक्सलियों की संख्या 60-70 के आसपास थी।
प्रवक्ता ने कहा कि नक्सली, पुलिसकर्मियों की 11 राइफलें भी अपने साथ लेते गए हैं। नीलमणि के अनुसार पूरे क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
ज्ञात हो कि यह इलाका झारखंड और बिहार की सीमा पर स्थित है।
नीलमणी ने कहा कि गांव में आयोजित रविदास जयंती समारोह में पुलिस के हिस्सा लेने की जानकारी नक्सलियों को मिल गई थी।
मगध प्रमंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) प्रवीण वशिष्ठ ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी हताहतों की सही संख्या नहीं बताई जा सकती। उन्होंने कहा कि जिले के आला अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके वापस लौटने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications