पाकिस्तान में रक्षा समिति ने की मुंबई हमले की जांच रिपोर्ट पर चर्चा (लीड-1)
प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने बैठक की अध्यक्षता की। लेकिन कोई भी पाकिस्तानी अधिकारी या वहां की मीडिया, इस रिपोर्ट के बिंदुओं पर टिप्पणी करने को तैयार नहीं है।
ज्ञात हो कि इस रिपोर्ट को पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने तैयार की है। यह रिपोर्ट हमले में पाकिस्तानी तत्वों की संलिप्तता से संबंधित भारत द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों पर आधारित है।
पाकिस्तानी गृह मंत्रालय व कानून मंत्रालय द्वारा पहले ही रिपोर्ट का परीक्षण किया जा चुका है।
इसके पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने कहा था कि रिपोर्ट सोमवार या मंगलवार को भारत को सौंपी जाएगी। लेकिन इस काम में देरी के संकेत हैं, क्योंकि पाकिस्तान व अफगानिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष दूत रिचर्ड हॉलब्रुक फिलहाल इस्लामाबाद में हैं।
हॉलब्रुक, अफगानिस्तान से लगी पाकिस्तानी सीमा पर उत्पन्न संकट के मुद्दे पर पाकिस्तान के साथ मंगलवार को चर्चा करेंगे। यहां पाकिस्तान अल कायदा व तालिबानी लड़ाकों के साथ जूझ रहा है।
उधर सोमवार को इस बात की खबर थी कि एफआईए ने करांची में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। उन पर अजमल आमिर कसाब के साथ कथित संबंध होने का आरोप है।
डेली टाइम्स ने सोमवार को लिखा, "एक सूत्र के हवाले से पता चला है कि खुफिया एजेंसियों ने कराची के विभिन्न इलाकों से तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन पर कसाब के साथ संबंध होने का संदेह है।"
अखबार के अनुसार इन तीनों को इस्लामाबाद भेजा गया है।
बहरहाल, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि रिपोर्ट को कब राजनयिक माध्यम से भारत को सौंपा जाएगा। पाकिस्तानी राजनेताओं, राजनयिकों और मीडिया द्वारा रिपोर्ट के लीक किए जाने पर भारत कई बार अपना असंतोष प्रकट कर चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications