आपरेशन के बाद 22 लोगों की आंखों की रोशनी धुंधली, 2 चिकित्सक निलंबित (लीड-1)
प्रदेश के स्वास्थ्य महानिदेशक आई.एस.श्रीवास्तव ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच दल का गठन कर दिया गया है, जिसे तीन दिन में सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपनी है।
श्रीवास्तव ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दो चिकित्सकों डा.कंचन और डा.रश्मि सिंह को निलंबित कर दिया गया है। सीएसएमएमयू द्वारा संचालित सरोजनीगनर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में बीते दो माह से शिविर लगाकर मोतियाबिंद आपरेशन किए जा रहे थे। गत शुक्रवार को यहां नेत्र रोग विभाग के चिकित्सकों ने 60 से 70 वर्ष के 22 मरीजों के मोतियाबिंद का आपरेशन किया था।
रविवार रात आंखों में जलन, चुभन और धुंधली रोशनी की शिकायत लेकर ये मरीज सीएमएमयू पहुंचे, जिसके बाद उन्हें नेत्र विभाग में भर्ती कराया गया। श्रीवास्तव ने कहा कि अभी संक्रमण के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल आपरेशन करने वाले चिकित्सकों को जांच पूरी न होने तक आपरेशन नहीं करने का निर्देश दिया गया है। इसके आलावा जिस आपरेशन थियेटर में आपरेशन हुआ था उसे सील कर दिया गया है।
श्रीवास्तव से जब यह पूछा गया कि क्या किसी मरीज द्वारा रोशनी चली जाने की शिकायत की गई है तो इस सवाल पर उन्होंने कहा कि मरीजों का उपचार अभी चल रहा है। इस संबंध में तीन दिन बाद ही कुछ कह पाना संभव होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications