राम मंदिर मुद्दा भाजपा का निजी एजेंडा : रालोद
रालोद की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राम आसरे वर्मा ने सोमवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हर दल का अपना अलग राजनीतिक एजेंडा होता है। राम मंदिर मुद्दा भाजपा का अपना मामला है। लोक दल का इससे कोई लेना देना नहीं है। लोकदल के अपने राजनीतिक एजेंडे हैं।
उन्होंने कहा, "लोकदल-भाजपा गठबंधन होने वाला जरूर है पर इसका अभी औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है। लिहाजा हमारे राष्ट्रीय जनतांत्रकि गठबंधन (राजग) में शामिल होने की स्थिति में राम मंदिर मुद्दे पर पार्टी का रुख क्या रहेगा, इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। पार्टी सुप्रीमो अजीत सिंह ही इस बारे में अंतिम फैसला करेंगे।"
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में सीटों के बंटवारे को लेकर भाजपा और रालोद के बीच तालमेल को लेकर चल रही बातचीत आखिरी दौर में पहुंच गई है। ऐसे में भाजपा द्वारा एक बार फिर राम मंदिर का राग अलापे जाने को लेकर रालोद के नेता इसे भाजपा का निजी मामला बताकर इस मुद्दे से अपना पल्ला झ्झाड़ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि रालोद का गढ़ कहे जाने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाता निर्णायक स्थिति में हैं। ऐसे में पार्टी कोई भी कदम बहुत नाप-तौल कर उठाना चाहती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications