प्रचंड भारतीय मीडिया के लिए समय निकाल पाएंगे?
काठमांडू, 9 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय मीडिया के लिए पिछले वर्ष समय निकाल पाने में विफल रहे नेपाल के माओवादी प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल प्रचंड, क्या अगले महीने भारतीय मीडिया के साथ तय तारीख के लिए समय निकाल पाएंगे?
प्रचंड की छह मार्च को भारत दौरे पर जाने की संभावित योजना है। उन्हें साप्ताहिक इंडिया टुडे द्वारा दिल्ली स्थित ताज होटल में आयोजित एक दो दिवसीय सम्मेलन में हिस्सा लेना है।
प्रंचड को 'बदलाव की चुनौतियां' विषय पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित करना है।
इसके पहले प्रचंड ने हिंदुस्तान टाइम्स द्वारा पिछले नवंबर महीने में 'नेतृत्व' विषय पर आयोजित वार्षिक समिट में उपस्थित होने की अपनी सहमति दी थी। लेकिन नेपाल में कई तरह के संकट पैदा हो जाने के बाद उन्होंने अपना भारत दौरा स्थगित कर दिया था।
अब तीन महीने बाद उनके पास फिर भारत दौरे का प्रस्ताव है। लेकिन प्रधानमंत्री प्रचंड इस समय कहीं ज्यादा ही संकट में उलझे हुए हैं।
नेपाल इन दिनों घोर बिजली संकट के दौर से गुजर रहा है। पूरे देश में हर रोज 18 घंटे की बिद्युली कटौती जारी है।
इसके अलावा माओवादी सरकार प्रमुख विपक्षी पार्टी, पूर्व प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोईराला की नेपाली कांग्रेस के साथ संसदीय समस्या से जूझ रही है। नेपाली कांग्रेस ने, सरकार द्वारा हाल में जारी किए गए तीन कानूनों के खिलाफ सोमवार से आंदोलन शुरू कर दिया है।
इसके अलावा भी कई संकट रास्ते में रोड़ा बने पड़े हैं।
सबसे बड़ी बात तो यह कि प्रचंड के प्रस्तावित भारत दौरे को लेकर उनकी पार्टी में ही विरोध के स्वर उभरे हैं।
ऐसे में प्रचंड, भारतीय मीडिया को दिए अपने वादे पर खरा उतर पाएंगे, अभी इसमें संदेह की स्थिति बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications