पाकिस्तानी मंत्रिमंडल को सौंपी जाएगी मुंबई जांच रिपोर्ट
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने मुल्तान में संवाददाताओं से रविवार को कहा कि रिपोर्ट को सोमवार को समिति की बैठक में पेश किया जाएगा।
यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि रिपोर्ट को कब राजनयिक माध्यम से भारत को भेजा जाएगा। पाकिस्तानी राजनेताओं, राजनयिकों और मीडिया द्वारा रिपोर्ट के लीक किए जाने पर भारत कई बार अपना असंतोष प्रकट कर चुका है।
पाक की संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने मुंबई हमले में पाकिस्तानी तत्वों के शामिल होने पर भारत से मिले दस्तावेजों के आधार जांच रिपोर्ट तैयार की है।
पाकिस्तान के आंतरिक और कानून मंत्रालय पहले ही रिपोर्ट का परीक्षण कर चुके हैं।
उधर, सोमवार को खबर मिली कि एफआईए ने मुंबई हमले में पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल आमिर कसाब से संबंध के आरोप में कराची में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' ने सोमवार को खबर दी है कि इन लोगों को कराची के विभिन्न स्थानों से खुफिया एजेंसियों ने कसाब से संबंध के आरोप में कब्जे में लिया।
अखबार के अनुसार इन लोगों को इस्लामाबाद भेजा गया है और जांच प्रगति पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications