लखनऊ में मोतियाबिंद आपरेशन के बाद 22 लोगों की रोशनी धुंधली हुई
प्रदेश के स्वास्थ्य महानिदेशक आई.एस.श्रीवास्तव ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। श्रीवास्तव के मुताबिक संक्रमण काफी गंभीर प्रतीत हो रहा है और यह स्थायी रूप से आंखों की रोशनी पर बुरा असर डाल सकता है।
सीएसएमएमयू द्वारा संचालित सरोजनीगनर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में बीते दो माह से शिविर लगाकर मोतियाबिंद आपरेशन किए जा रहे थे। गत शुक्रवार को यहां नेत्र रोग विभाग के चिकित्सकों ने 60 से 70 वर्ष के 22 मरीजों के मोतियाबिंद का आपरेशन किया।
रविवार रात आंखों में जलन, चुभन और धुंधली रोशनी की शिकायत लेकर ये मरीज सीएमएमयू पहुंचे, जिसके बाद उन्हें नेत्र विभाग में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य महानिदेशक ने कहा कि अभी संक्रमण के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल आपरेशन करने वाले चिकित्सकों को जांच पूरी न होने तक आपरेशन नहीं करने का निर्देश दिया गया है। इसके आलावा जिस आपरेशन थियेटर में आपरेशन हुआ था उसे सील कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications