भोपाल में खदेड़े गए अतिथि विद्वान
प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में बड़ी संख्या में अतिथि विद्वानों की सेवाएं ली जा रही हैं। बतौर अतिथि विद्वान कई लोग वर्षो से कार्य कर रहे हैं। उनकी मांग है कि उनके सेवा काल को देखते हुए नियमितीकरण किया जाए। इसी मांग को लेकर प्रदेश भर से अतिथि विद्वान रविवार को भोपाल पहुंचे और उन्होंने शाहजहानी पार्क और नीलम पार्क क्षेत्र में प्रदर्शन कर चक्काजाम करने की कोशिश की।
नीलम पार्क क्षेत्र में तो प्रदर्शनकारी सड़क पर ही लेट गए। इससे आवागमन अवरूद्ध होने की आशंका के चलते वहां तैनात पुलिस ने इन प्रदर्शनकारियों को ही खदेड़ दिया। जहांगीराबाद थाने के प्रभारी एम़ पी़ वैश्य ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने बल प्रयोग नहीं किया बल्कि वह इन प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करना चाहती थी। इसी के चलते मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई।
गौरतलब है कि अतिथि विद्वानों ने जनवरी माह में भी पॉलीटेक्निक चौराहे पर प्रदर्शन किया था और उनकी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने की मांग को लेकर पुलिस से झड़प भी हुई थी, जिसमें कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications