दिल्ली में एमटीएनएल ने शुरू की 3जी सेवा

देश में कॉमर्शियल तौर पर सबसे पहले इस सेवा को लांच करने का श्रेय एमटीएनएल को मिला है। जादू नाम की इस सर्विस के जरिए उपभोक्ताओं को अब अपने मोबाइल फोन पर ही टीवी चैनल देखने, मूवी डाउनलोड और हाईस्पीड इंटरनेट की सुविधा मिल गई है।
जादू को एक्टिवेट करने के लिए एक्टिवेशन शुल्क के तौर पर 500 रुपये से अधिक रकम खर्च करनी पड़ती है, जबकि इसका मासिक किराया 599 रुपये है। एमटीएनएल के नेटवर्क पर प्रति मिनट 60 पैसे की दर से शुल्क लगेगा, जबकि अन्य नेटवर्क पर यह सेवा प्रति मिनट 1 रुपये की दर से उपलब्ध होगी।
एमटीएनएल के सीएमडी आरएसपी सिन्हा ने कहा कि 3 जी जादू सर्विस के उपभोक्ता को एक्टीवेशन और महीने के किराए के अलावा वॉयस कॉल और डाटा डाउनलोड के लिए अलग से चार्ज अदा करना होगा। आम तौर पर इस सेवा का मासिक बिल 1200 रुपये से ज्यादा नहीं आएगा।
वीडियो कॉल पर उपभोक्ता बात करते हुए एक-दूसरे को देख पाएंगे। एमटीएनल नेटवर्क पर वीडियो कॉल की प्रति मिनट दर 1 रुपया 80 पैसे जबकि दूसरे नेटवर्क पर 3 रुपये चार्ज लिया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications