पीएम के स्वास्थ्य में सुधार, काम शुरू किया

प्रधानमंत्री के निजी चिकित्सक डाक्टर के.एस. रेड्डी ने बताया, "प्रधानमंत्री कुछ आगंतुकों से मुलाकात कर रहे हैं, महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं और कुछ काम भी कर रहे हैं। दरअसल उन्हें जितना काम करने की सलाह दी गई है वे उससे कहीं ज्यादा काम कर रहे हैं।"
प्रधानमंत्री के सात रेसकोर्स स्थित आवास पर उनसे मुलाकात करने वालों में परिजनों के अलावा अधिकांश वरिष्ठ सरकारी अधिकारी हैं।
76 वर्षीय मनमोहन सिंह की गत 24 जनवरी को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स में हृदय की बाइ पास सर्जरी की गई थी।
रेड्डी ने कहा, "आदर्श स्थिति यह होती कि प्रधानमंत्री सर्जरी के दो सप्ताह बाद ही मुलाकातियों से मिलते तब तक उनके टांके खुल जाते। वह चार सप्ताह बाद काम करने लायक और छह सप्ताह बाद सामान्य कामकाज और यात्रा कर सकेंगे।"
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री को सामान्य शाकाहारी भोजन दाल, रोटी दही दिया जा रहा है। वह काफी प्रसन्नचित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications