'मालिया' और 'सशा' का नाम बदला

ओबामा परिवार की बेटियों 'मलिया' और 'सशा' के नाम से गुड़िया बेच रही कंपनी ने अब इनका नाम बदल दिया है. मिशेल ओबामा ने इस पर आपत्ति की थी.ये दोनों नवनियुक्त राष्ट्रपति बराक ओबामा की बेटियों के नाम हैं.
अब इन गुड़ियाओं का नाम 'मार्वेलस मारिया' और 'स्वीट सिडनी' होगा. पहले इन्हें 'मार्वेलस मालिया' और 'स्वीट सशा' का नाम दिया गया था. अमरीका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा ने कंपनी के इस फ़ैसले का स्वागत किया है.
दरअसल पहले ओबामा परिवार ने ही इस नामकरण पर आपत्ति की थी और मिशेल ओबामा ने कहा था कि गुड़िया के लिए उनकी बेटियों के नाम का उपयोग करना ठीक नहीं है.
कंपनी का कहना है कि इन दोनों गुड़िया को मलिया और सशा को ध्यान में रखकर डिज़ाइन नहीं किया गया था लेकिन बाद में लगा कि ये दोनों नाम उन पर जँचते हैं इसलिए उन्हें इसी नाम से बेचने का निर्णय लिया गया था.
इन दोनों गुड़िया को जनवरी में बाज़ार में उतारा गया था. ये कंपनी की उन गुड़िया के साथ रखी गई थीं जिसमें 'बबली ब्रिटनी', 'लकी लिंडसे' और 'प्रिशियस पैरिस' नाम की गुड़िया बेची जाती हैं.
कंपनी की वेबसाइट पर अब 'मार्वेलस मालिया' और 'स्वीट सशा' गुड़िया के नामों के आगे लाल रंग की पट्टी लगा दी गई है और लिखा गया है, "रिटायर्ड" यानी उन्हें हटा लिया गया है.
कंपनी ने कहा है कि पहले बेची गई गुड़िया से जो लाभ उसे मिला है उसे किसी सामाजिक कार्य करने वाली संस्था को दान में दे दिया जाएगा.


Click it and Unblock the Notifications