हिजाब में छिपकर आती है लाखों की चोर

बेशक हिजाब पर्दे के लिए है पर इसका ग़लत इस्तेमाल भी हो सकता है. यूरोप में एक महिला ने हिजाब पहनकर जौहरियों को लाखों की चपत लगा दी.
महिला चोर इतनी शातिर है कि वो हिजाब पहनकर अमीर मुसलमान औरत का भेष बनाती है और इस तरह अपनी पहचान छिपाते हुए उसने जेवरात की कई दुकानों में लाखों डॉलर की चोरी की है.
नकली जेवरों, नगों से जवाहरात बदलकर असली क़ीमती माल ग़ायब करनेवाली यह संदिग्ध महिला सिर पर स्कार्फ़ बाँधती है, कोट पहनती है और सोने के फ़्रेम का चश्मा लगाती है.
पेरिस में चोरी के एक मामले में इस औरत पर कथित रुप से 5.5 कैरेट की हीरे की एक अंगूठी चोरी करने का आरोप है जिसकी क़ीमत 574000 डॉलर बताई जा रही है.
जासूसों के अनुसार पिछले दस साल में इस चोर ने जर्मनी, स्विटज़रलैंड और फ़्रांस में कई दुकानों के जेवरों पर अपना हाथ साफ किया है.जर्मनी की पुलिस इस चोर को जर्मनी और स्विटज़रलैंड के होटलों में इस दौरान होने वाली चोरियों से भी जोड़ रही है.
'अपराध की जादूगर'
इस औरत ने कई प्रकार के दुकानों में चोरी की है, वो कर्मचारी का ध्यान बाँटती है या क़ीमती गहने को नक़ली गहने से बदल देती है." मार्टिन विंकेल
| |
एक फ़्रांसीसी अख़बार 'ले फ़िगेरो' ने इस महिला को 'अपराध की दुनिया की जादूगर' बताया है. जबकि यूरोपीय गहना कारोबार से जुड़े एक अपराध निरोधक नेटवर्क ने इस महिला को सबसे वांछित संदिग्धों की सूची में रखा है.
अपराध निरोधक नेटवर्क को चलाने वाले मार्टिन विंकेल ने इस औरत का वर्णन दुकानों में अपने काम को अंजाम देने वाली 'आज की सबसे बेहतरीन चोर' के रुप में किया है.
उन्होंने बीबीसी को बताया, "इस औरत ने अनेक दुकानों में चोरी की है, वो कर्मचारी का ध्यान बाँटती है या क़ीमती गहने को नक़ली गहने से बदल देती है."
इस औरत का नाम उस समय अंतरराष्ट्रीय सुर्ख़ियों में आया जब पिछले साल सितंबर में जर्मनी के फ़्रैंकफर्ट शहर में उसने एक जेवरों की दुकान से 189000 डॉलर की एक अंगूठी की चोरी की.
ये महिला एक नौजवान औरत के साथ दुकान में घुसी और अंगूठी दिखाने के लिए कहा, लेकिन जब ये जोड़ी बग़ैर कुछ ख़रीदे वापस चली गई तो स्टाफ़ ने जाँच की और पाया कि असली अंगूठी नक़ली अंगूठी से बदली जा चुकी है.
इसी औरत ने कथित रुप से पिछले साल नवंबर में पेरिस में एक कार्टियर स्टोर में चोरी की थी, लेकिन इस बार वो एक मर्द के साथ दुकान में गई थी.
बाद में दुकान के कर्मचारियों ने पाया कि उस जोड़ी ने कथित रुप से 5.5 कैरेट की हीरे की अंगूठी जिसकी क़ीमत 574000 डॉलर थी, चोरी कर ली है.


Click it and Unblock the Notifications