महाराष्ट्र में नक्सली हमला, पंद्रह शहीद

गढ़चिरोली जिले के धनोरा उपमंडल के जंगलों में रविवार को नक्सलियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह हमला छोटा नहीं था।
गढचिरोली जिले के नियंत्रण कक्ष के सहायक सब इंस्पेक्टर राजेंद्र होते के मुताबिक नक्सलियों ने यह हमला तब किया जब पुलिस दल जंगलों में तलाशी अभियान चला रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि धनोरा के जंगलों में सशस्त्र नक्सली छिपे हुए हैं और वे किसी बड़ी वारदात अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। सूचना के आधार पर 15 पुलिसकर्मियों का दल पुराधा से 10 किलोमीटर दूर धनोरा के जंगलों में तलाशी अभियान पर निकला।
सभी सुरक्षाकर्मियों को अलग-अलग दौड़ाकर रणनीतिक रूप से मारा गया। पुलिस के मुताबिक यहां नक्सलियों ने पहले कभी इतना बड़ा हमला नहीं किया। इस हमले में एक सब इंस्पेक्टर और 14 पुलिस कांस्टेबल शहीद हो गए हैं।
पुलिस महानिदेशक एएन राय ने इस घटना में आठ नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई है, लेकिन इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
तीन हजार जवान भेजे गये
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने इस घटना के बाद हाई अलर्ट करते हुए प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का आदेश दि दिये हैं।
आदेश के बाद नक्सल निरोधी दस्ता प्रमुख पंकज गुप्ता और गढ़चिरोली जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश प्रधान घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। साथ ही 150 पुलिस वैन में 3,000 सुरक्षाकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र के गृह मंत्री जयंत पाटिल और गृह राज्य मंत्री नितिन राउत संभवत: गढचिरोली जाएंगे।


Click it and Unblock the Notifications