कसाब की हिरासत फिर बढ़ाई गई

मुंबई हमलों के दौरान पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक आमिर अजमल कसाब की पुलिस हिरासत 13 फरवरी तक के लिए बढ़ा दी गई है.
कसाब को मुंबई पुलिस ने गिरगांव चौपाटी के पास 26 नवंबर की रात एक मुठभेड़ के बाद गिरफ़्तार किया था. तब से वे पुलिस की हिरासत में ही हैं. सुरक्षा कारणों से इस बार भी कसाब के मामले की सुनवाई अदालत परिसर में नहीं हुई.
कसाब पर देश के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ने, हत्या, हत्या के प्रयास जैसे आरोप लगाए गए हैं और उनके ख़िलाफ़ अदालत में मामला चल रहा है.
सोमवार को पुलिस ने उन पर कुबेर नौका का अपहरण करने और उसके चालक दल के सदस्य अमर सिंह सोलंकी की हत्या का भी आरोप लगाया है. हिरासत में पुलिस कसाब से पूछताछ कर रही है.
अदालत में कसाब का पक्ष रखने के लिए अभी तक कोई वकील तैयार नहीं हुआ है लेकिन ऐसी स्थिति में उन्हें सरकारी वकील की सुविधा मिल सकती है. कसाब के बाकी आठ साथी मुंबई के नरीमन हाउस, ताज और ऑबराय होटल में हुए मुठभेड़ों में मारे गए थे.
कसाब के पाकिस्तानी नागरिक होने को लेकर भी काफ़ी बवाल हुआ था लेकिन अब पाकिस्तान ने मान लिया है कि वो उसका नागरिक है. हालांकि पाकिस्तानी अधिकारियों ने अभी तक कसाब से मिलने की कोई कोशिश नहीं की है.
हमलों के दौरान मुठभेड़ में कसाब ज़िंदा पकड़ लिया गया जबकि उनके साथी इमरान की मौत हो गई थी. मुंबई में 26 नवंबर को हुए हमलों में 170 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी जिसमें पंद्रह से अधिक पुलिसवाले भी शामिल हैं.


Click it and Unblock the Notifications