विमान अपहरण का नाटक समाप्त, यात्रियों ने ली राहत की सांस (लीड-3)
लगभग तीन घंटे तक चले इस नाटक ने सुरक्षा कर्मियों व खुफिया अधिकारियों के होश उड़ा दिए थे। अंतत: विमान में भय का माहौल पैदा करने वाले तीन यात्रियों को शाम को गिरफ्तार कर लिया गया और विमान के सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।
लेकिन अधिकारियों का कहना है कि घटना की सही जानकारी जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।
दरअसल, इंडिगो कंपनी के एक विमान के आपात स्थिति में उतरने से हवाई अड्डे पर अफरातफरी मच गई थी। विमान के पायलट ने अधिकारियों को विमान में संदिग्ध अपहर्ता के होने की सूचना दी थी।
एक अधिकारी के मुताबिक पायलट द्वारा विमान में संदिग्ध अपहर्ता होने की सूचना देने के बाद इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा बल पहुंच गए थे।
नागरिक उड्डयन सचिव एम.माधवन नांबियार ने यहां संवाददाताओं को बताया, "अपराह्न् 5.15 बजे इंडिगो के विमान ई664 के पायलट की ओर से वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) को सूचित किया गया कि कुछ यात्री आक्रामक तरीके का व्यवहार कर रहे हैं और विमान अगवा करने की धमकी दे रहे हैं।"
नांबियार ने आगे कहा, "पायलट के निवेदन पर विमान को तत्काल उतरने की इजाजत दे दी गई और 5.29 मिनट पर वह हवाई अड्डे पर उतर गया। विमान को एक किनारे पार्क किया गया और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) व केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने उसे घेर लिया।"
उन्होंने कहा, "इसके तत्काल बाद मामले पर चर्चा के लिए अपहरण निरोधी मामलों की सचिवों की समिति की कैबिनेट सचिव के.एम.चंद्रशेखर की उपस्थिति में बैठक बुलाई गई।"
नांबियार ने कहा कि हर तरह के सुरक्षा उपाय सक्रिय कर दिए गए और सुरक्षा अधिकारियों ने जरूरी जांच पूरी कर ली। इसके बाद यात्रियों व चालक दल के सदस्यों को उतरने की इजाजत दे दी गई।
हवाई अड्डा के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक विमान जयपुर के आसमान में उड़ रहा था तभी एक यात्री व एक विमान परिचारिका के बीच विवाद हो गया। पायलट ने एक अलर्ट भेज दिया।
सीआईएसफ की ओर से बताया गया कि सुरक्षा बलों ने एक महिला समेत तीन व्यक्तियों को पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications