'कांग्रेस-सपा में खटाई न डाल दें कल्याण'

यह विचार है कांग्रेस नेता व गृह राज्य मंत्री शकील अहमद का। अहमद ने सपा नेता मुलायम सिंह के उस बयान को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बाबरी विध्वंस के लिए कल्याण सिंह जिम्मेदार नहीं थे।
ज्ञात हो कि बाबरी मस्जिद उस समय ढहाई गई थी, जब उत्तरप्रदेश में भाजपा की सरकार थी और कल्याण सिंह मुख्यमंत्री थे। अहमद ने कहा, "यदि कल्याण सिंह सपा से जुड़ते हैं या सपा के टिकट पर चुनाव लड़ते हैं तो इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।"
अहमद ने कहा, "बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के लिए कल्याण सिंह जिम्मेदार हैं और हमारा अभी भी मानना है कि दिसंबर 1992 में अयोध्या में भेजे गए केंद्रीय सुरक्षा बलों का राज्य सरकार ने इस्तेमाल नहीं किया था।"
उन्होंने कहा, "अभी तक कल्याण सिंह सपा में शामिल नहीं हुए हैं। लेकिन यदि उन्होंने सपा की सदस्यता ली या वह सपा के टिकट पर चुनाव लड़ते हैं तो हम सपा नेताओं से इस मुद्दे पर बात करेंगे।" लेकिन अहमद ने कहा कि कांग्रेस को कल्याण के बेटे के सपा में शामिल होने पर कोई आपत्ति नहीं है।
इस मामले में सिंधिया परिवार का हवाला देते हुए अहमद ने कहा कि सांप्रदायिक व धर्मनिरपेक्ष ताकतें एक ही परिवार में एक साथ रह सकती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications