10,000 महंगी हुईं मारुति की कारें
नई दिल्ली, 27 जनवरीः देश में कार बनाने वाली अग्रणी कंपनी मारुति सुजुकी ने नए मॉडल ए स्टार सहित अपनी कुछ कारों की कीमत में 5,000 से 10,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि, "पिछले वर्ष नवंबर महीने में लांच की गई ए स्टार की शुरुआती कीमत वापस ले ली गई है। ए स्टार श्रेणी की सभी कारों की नई कीमतें 10,000 रुपये तक अधिक होंगी।"
कंपनी के अनुसार लागत में बढ़ोतरी और फॉरन करंसी में परिवर्तन की वजह से कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया था।
कंपनी ने स्विफ्ट पेट्रोल एलएक्सआई की कीमत 5,000 रुपये बढ़ाई है, जबकि स्विफ्ट वीएक्सआई व जेडएक्सआई की कीमतों में 6,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
स्विफ्ट डीजल मॉडल कार की कीमत 6,000 तथा स्विफ्ट डिजायर (पेट्रोल व डीजल) की कीमतों में 7,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। मारुति की सीडान एसएक्स4 की कीमत 9,000 रुपये अधिक होगी।
लेकिन यहीं पर एम800, ओमनी, अल्टो, वैगनआर, जेन एस्टिलो, जिप्सी, वरसा व ग्रैंड विटैरा कारों की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।


Click it and Unblock the Notifications