लश्कर कमांडर अबु हमजा मुठभेड़ में ढेर

बुधवार को हुई इस मुठभेड़ में सेना का एक जवान भी शहीद हो गया व अन्य ती घायल हुए हैं। अन्य आतंकियों से मुठभेड़ अभी जारी है।
सोपोर इलाके में लश्कर के टॉप कमांडर अबू हमजा के छिपे होने की सूचना पर सेना और बीएसएफ के जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सेना इलाके में सर्च ऑपरेशन कर ही रही थी कि अचानक सेना पर फायरिंग शुरू हो गई। यह फायरिंग अबु हमजा कर रहा था।
चारों तरफ से घिर जाने के बाद अबु के पास कोई रास्ता नहीं बचा। लेकिन ताबड़तोड़ फायरिंग में वो भागने में नाकामयाब रहा और सेना ने उसे वहीं ढेर कर दिया।
हंदवाड़ा और बांदीपुरा इलाके में पिछले 12 घंटों से सेना और आतंकियों के बीच जबरदस्त मुठ़भेड़ जारी है।
हमजा का मुम्बई हमलों की साजिश रचने में प्रमुख हाथ था। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) ने मुम्बई हमले को लेकर आतंकवादियों के बीच जो बातचीत रिकॉर्ड की थी, उसमें हमजा का नाम ही सामने आया था। हमजा पाकिस्तान में बैठकर मुम्बई के आतंकवादियों को ट्रेनिंग देता था।
बेंगलुरु के भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) पर हुए हमले में तो खुद हमजा शामिल था। हमले के तुरंत बाद बेंगलुरु पुलिस ने सबाहउद्दीन नामक आतंकवादी को धर-दबोचा था, जिसने अबु हमजा का नाम उगला था। पिछले पांच साल से आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दे रहा हमजा अब लश्कर का कमांडर बन चुका था।


Click it and Unblock the Notifications