प्रधानमंत्री की सेहत में तेज़ी से सुधार

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के दिल का ऑपरेशन के बाद सेहत में तेज़ी से सुधार हो रहा है. उन्हें वेंटिलेटर पर से हटा दिया गया है और उनकी हालत बेहतर है.
ग़ौरतलब है कि शनिवार को मनमोहन सिंह के दिल की बाइपास सर्जरी हुई थी और डॉक्टरों के वह अनुसार कामयाब रही.
समाचार एजेंसियों के मुताबिक़ इस समय प्रधानमंत्री होश में हैं और उन्होंने अपने परिवार वालों से मुलाक़ात की है, साथ ही ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों की टीम का धन्यवाद किया है.
प्रधानमंत्री की सेहत में हो रही 'तेज़ी से सुधार' पर ऑपरेशन करने वाली टीम का नेतृत्व करने वाले डॉक्टर रामाकांत पांडा का कहना है, " वेंटिलेटर को हटा दिया गया है और प्रधानमंत्री बिना वेंटिलेटर की मदद से साँस ले रहे हैं. उनकी सेहत में हो रहे सुधार के लिए यह एक अहम पड़ाव है."
शनिवार की रात डॉक्टर पांडा ने कहा था, " प्रधानमंत्री सचेत हैं, जवाब दे रहे हैं और उनकी हालत स्थित हैं."
जल्दी काम पर लौटेंगे
वेंटिलेटर को हटा दिया गया है और प्रधानमंत्री बिना वेंटिलेटर की मदद से साँस ले रहे हैं. उनकी सेहत में हो रही सुधार के लिए यह एक अहम पड़ाव है डॉक्टर रामाकांत पांडा
| |
समाचार एजेंसियों के अनुसार उन्हें अगले तीन दिन सघन चिकित्सा कक्ष में रखा जाना है और कम से कम एक हफ़्ते वे अस्पताल में रहेंगे.
हालाँकि उन्हें काम पर लौटने के लिए चार से छह हफ़्तों का समय लग सकता है.
उधर मनमोहन सिंह के निजी डॉक्टर केएस रेड्ड़ी कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री अगले दो हफ़्तों में कुछ आधिकारिक काम करना शुरू कर देंगे और ज़्यादातर काम काज अगले चार हफ़्तों में शुरु कर देंगे जबकि पूरी तरह से वो काम पर छह हफ़्तों या उससे पहले लौट पाएँगे.
प्रधानमंत्री का ऑरपेशन दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में किया गया है.
वहाँ के कार्डियों वेस्कुलर विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर संपत कुमार का कहना है कि प्रधानमंत्री का जल्दी से ऑपरेशन इसलिए किया गया ताकि चुनाव से पहले वो पूरी तरह से ठीक हो सकें और चुनावों में सक्रिय भूमिका निभा सकें.
ग़ौरतलब है कि 76 वर्षीय मनमोहन सिंह का इससे पहले वर्ष 1990 में ब्रिटेन में बाइपास सर्जरी हुई थी और वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री बनने से पहले दिल्ली में उन्हें एंजियोप्लास्टी से गुज़रना पड़ा था.
सितंबर 2007 में प्रॉस्टेट ग्रंथि के उपचार के लिए भी उनका ऑपरेशन किया गया था. मनमोहन सिंह वर्ष 2004 से भारत के प्रधानमंत्री हैं. वे केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं.


Click it and Unblock the Notifications