नोएडा मुठभेड़ : 2 संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी ढेर (लीड-2)
आतंकवादियों के पास से दो एके-47 राइफल, पांच हथगोले, आरडीएक्स, पाकिस्तानी पासपोर्ट और 18,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने रविवार को लखनऊ में संवाददाताओं से कहा कि संदिग्ध आतंकवादियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ नोएडा के सेक्टर 97 इलाके में तड़के 2.15 बजे हुई। दोनों आतंकवादी सफेद रंग की मारुति 800 कार में सवार थे।
बृजलाल ने कहा कि पुलिस ने जब कार में सवार आतंकवादियों को रोकने का प्रयास किया तो उनलोगों ने पुलिस पर गोलियां चलाई, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने कहा, "इस बीच कार अनियंत्रित हो गई और पुलिस के जवानों ने संदिग्ध आतंकवादियों पर गोलियां चलाईं। संदिग्ध आतंकवादियों की गोली से एटीएस के एक आरक्षी विनोद कुमार सिंह घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।"
बृजलाल ने कहा कि मुठभेड़ में दोनों आतंकवादी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय दोनों ने दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि दोनों आतंकवादियों की पहचान पाकिस्तानी नागरिक फारुख ऊर्फ अली अहमद और अबू इस्माइल के रूप में हुई।
बृजलाल ने कहा कि पुलिस आतंकवादियों के स्थानीय संपर्को की जांच कर रही है।
नोएडा के आरक्षी अनिल समानिया ने कहा कि कार का नंबर प्लेट बजाज चेतक स्कूटर का है, जिसे गाजियाबाद के किसी व्यक्ति ने खरीदा था। उन्होंने कहा कि कार का ईंजन और चेसिस नंबर मिटा दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications