राष्ट्रपति ने 9 अशोक चक्र समेत 428 रक्षा अलंकरणों को दी मंजूरी (लीड-1)

रक्षा मंत्रालय से रविवार को जारी विज्ञप्ति के मुताबिक राष्ट्रपति सोमवार को 60वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर नौ अशोक चक्र विजेताओं सहित कुल 428 वीरों को शौर्य एवं अन्य रक्षा सम्मानों से अलंकृत करेंगी। इसके अलावा 13 लोगों को कीर्तिचक्र से अलंकृत किया जाएगा।

राजपथ पर आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति कुल 11 वीरों को शांति काल में अदम्य साहस का परिचय देने के लिए अशोक चक्र से अलंकृत करेंगी। दो अन्य को अशोक चक्र देने की घोषणा 15 अगस्त 2008 को की गई थी। इनमें उड़ीसा सशस्त्र पुलिस बल के सहायक कमांडेंट प्रमोद कुमार सतपथी (मरणोपरांत) और मेघायल पुलिस के आर.पी. देंगदोह (मरणोपरांत) शामिल हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, जिन लोगों को देश की रक्षा में जान न्यौछावर करने के लिए अशोक चक्र से अलंकृत किया जाएगा, उनमें सेना के कर्नल जोजन थॉमस और हवलदार बहादुर सिंह बोहरा, एनएसजी के कमांडो मेजर संदीप उन्नीकृष्णन और हवलदार गजेंद्र सिंह, महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारी हेमंत करकरे, आशोक काम्टे, विजय सालस्कर और तुकाराम गुपाल ओम्बाले तथा दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर मोहन चंद शर्मा शामिल हैं।

सेना के जिन जवानों को अशोक चक्र के सम्मानित किया जाएगा, उन्होंने कश्मीर में दुश्मन से लड़ते हुए अपनी जान न्यौछावर कर दी थी जबकि एनएसजी कमांडो तथा मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकी हमले के दौरान अपनी जान की बाजी लगाकर लगभग 60 घंटे तक मौत का खेल खेलने वाले आतंकवादियों को ढेर किया था।

इस घटना में 26 विदेशी नागरिकों सहित कुल 170 लोगों की जान गई थी। इसके अलावा 300 से अधिक लोग घायल हुए थे।

दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस के जांबाज अधिकारी इंस्पेक्टर शर्मा सितंबर में राष्ट्रीय राजधानी में हुए बम धमाकों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए थे।

राष्ट्रपति इसके अलावा 13 लोगों को कीर्ति चक्र, 30 को शौर्य चक्र, 91 को सेना मेडल (शौर्य), 29 को परम विशिष्ट सेवा मेडल, दो को उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 50 को अति विशिष्ट सेवा मेडल, 122 को विशिष्ट सेवा मेडल, 40 को सेना मेडल, आठ को नौ सेना मेडल और 14 को वायु सेना मेडल से भी अलंकृत करेंगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+