नन्दन कानन चिड़ियाघर से भोपाल आएगी भगत और ललिता की जोड़ी
मध्य प्रदेश के वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि बीते दिनों वन विभाग के दो जिम्मेदार अधिकारियों ने भुवनेश्वर में केन्द्र और राज्य सरकारों के संबंधों पर आधारित कार्यशाला में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने नन्दन कानन चिड़ियाघर का निरीक्षण करने के बाद वन विहार के लिए सफेद शेर भगत और शेरनी ललिता को चिन्हित किया था। सफेद शेर के इस जोड़े को वन विहार लाने के लिए केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से अनुमति मांगी गई है। उम्मीद है कि जल्दी ही यह जोड़ा भोपाल आ जाएगा। इसके बदले में वन विहार शेरनी सारा और सियार के एक जोड़े को नन्दन कानन चिड़ियाघर को उपलब्ध कराएगा।
वन राज्य मंत्री ने सफेद शेरों की जन्म स्थली रीवा के जंगल में एक सफारी पार्क बनाने की भी जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि इस सफारी पार्क के बन जाने से पर्यटकों को सफेद शेरों को देखने का मौका मिलेगा। इसके लिए भी वन विभाग प्रस्ताव बना रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।