'डकैती' के आरोप में बकरा हिरासत में

नाइजीरिया में पुलिस ने एक बकरे को डकैती के आरोप में हिरासत में ले रखा है. कुछ लोगों का कहना है कि डकैत रुप बदलकर बकरा बन गया है. अफ़्रीकी देश नाइजीरिया में पुलिस ने एक बकरे को हिरासत में ले रखा है क्योंकि चौकसी दस्ते का कहना है कि वह असल में एक 'डकैत' है जिसने जादू टोने से अपना रूप बदल लिया है.
इस पर 'हथियारबंद डकैती' का आरोप है. क्वारा राज्य की पुलिस के एक प्रवक्ता के हवाले से कहा जा रहा है कि इस बकरे को तब तक हिरासत में रखा जाएगा जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती.
पुलिस सुधार के हिमायती कार्यकर्ताओं ने इस 'हिरासत' की निंदा की है और कहा है कि इससे कई पुलिस अधिकारियों में शिक्षा की कमी उजागर होती है.
नाइजीरिया के एक अख़बार में इस बकरे की तस्वीर भी छपी है और ये ख़बर कि पुलिस ने पत्रकारों के सामने इस बकरे की परेड कराई. लेकिन राष्ट्रीय पुलिस के प्रवक्ता इमैनुएल ओजुकु ने इस बात से इनकार किया है.
उनका कहना है कि कुछ लोगों ने इस बकरे को पकड़ा और पुलिस के पास ले आए और फिर उन्हीं लोगों ने मीडिया को ख़बर दे दी. उनका कहना है, "अगली सुबह मीडिया के लोग पुलिस के पास आए और उस बकरे को दिखाने की मांग करने लगे."
प्रवक्ता का कहना था, "लेकिन कोई बकरा ऐसा अपराध कैसे कर सकता है." नाइजीरिया में यह विश्वास आम है कि जादू टोने से रूप बदला जा सकता है.
राजधानी अबूजा स्थित बीबीसी के संवाददाता ऐन्ड्रू वॉकर का कहना है कि पुलिस के अभाव में लोग चौकसी दस्तों पर निर्भर रहते हैं जो पढ़े लिखे नहीं होते और जिनमें अंधविश्वास गहरे पैठे हुए हैं.
एक कार्यकर्ता का कहना है कि पहले राजनीतिज्ञों ने पुलिस विभाग में बहुत से नाकारा और कई मामलों में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले पुलिस अधिकारियों को भर्ती करवा दिया है जिससे कि वे अपने आपराधिक मामलों को छिपा सकें.


Click it and Unblock the Notifications