गर्भपात पर ओबामा ने पलटी बुश की नीति
वाशिंगटन, 24 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जार्ज बुश की एक और नीति को पलटते हुए उन संस्थाओं को अनुदान देने पर से रोक हटा ली है, जो गर्भपात की सेवाएं दे रही है।
ओबामा ने शुक्रवार को गर्भपात सेवाएं देने वाली संस्थाओं के अनुदान पर रोक हटाने संबंधी आदेश पर हस्ताक्षर किया। इससे पहले जब बिल क्लिंटन वर्ष 1993 में राष्ट्रपति थे तो उन्होंने गर्भपात संबंधी कानून को खत्म कर दिया था लेकिन वर्ष 2001 में बुश ने इसे फिर से पलट दिया था।
बुश के उस कानून को 'ग्लोबल गैग रूल' कहा जाता था और इसके अनुसार अमेरिकी सरकार का पैसा उन संस्थाओं को नहीं दिया जा सकता था जो गर्भपात करवाने में सक्रिय हों या उसके बारे में जानकारी उपलब्ध करवाती हों।
'पापुलेशन एक्शन इंटरनेशनल' समूह ने ओबामा के फैसले का स्वागत किया है। समूह ने कहा कि इससे 'दुनिया भर की महिलाओं के जीवन को बचाया जा सकेगा।'
समूह ने कहा कि परिवार नियोजन को राजनीतिक मुद्दा नहीं मानना चाहिए, यह बुनियादी स्वास्थ्य और महिलाओं व बच्चों की देखभाल का मसला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications