सत्यम में कर्मचारियों की संख्या भी फर्ज़ी

अगर सरकारी वकील की मानें, तो सत्यम में केवल 40,000 कर्मचारी काम कर रहे हैं, जबकि राजू ने 53,000 कर्मचारी होने का दावा किया था। सरकारी वकीलों अजय कुमार और गंगाराजू प्रसाद ने बताया कि चार दिन की पुलिस हिरासत के दौरान राजू ने सीआईडी के सामने ये बातें स्वीकार की हैं।
वकीलों ने राजू की पुलिस हिरासत की अवधि दो दिन और बढ़ाने की अर्जी के साथ अदालत के सामने ये खुलासे किए। लेकिन अदालत ने हिरासत केवल एक दिन के लिए बढ़ाई।
सरकारी वकीलों ने कहा कि राजू 13,000 'फर्जी' कर्मचारियों के वेतन के लिए हर महीने 20 करोड़ रुपये कंपनी से निकालते थे और यह सिलसिला 5 साल से चल रहा था।
हालांकि वे यह नहीं बता सके कि यह रकम कहां गई। इस बीच राजू के वकील ने इन बातों का खंडन किया। गौरतलब है कि सत्यम में 7800 करोड़ रुपये के घोटाले की बात का खुलासा करने के दो दिन बाद नौ जनवरी को राजू बंधु को गिरफ्तार किया गया था।
राजू के कारनामे से तबाह हुई सत्यम को फिर से आबाद करने के लिए इसके नवगठित बोर्ड की गुरुवार को कंपनी मुख्यालय में बैठक हुई। आईटी कंपनी के लिए नए सीईओ व सीएफओ की खोज व धन की व्यवस्था को लेकर हुई यह बैठक बेनतीजा रही।


Click it and Unblock the Notifications