प्रधानमंत्री का स्वास्थ्य चिंता की बात जरुर, लेकिन बदलाव नहीं होगा : कांग्रेस
उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)में एंजियोग्राफी के बाद मनमोहन सिंह को गुरुवार को छुट्टी दे दी गई है।
पार्टी के कुछ नेताओं ने आईएएनएस से बातचीत में प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य पर चिंता तो जताई लेकिन साथ ही सभी ने यह भी कहा कि यदि लोकसभा के अगले चुनाव के बाद संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सत्ता में आता है तो मनमोहन सिंह ही प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। मनमोहन सिंह के विकल्प के बारे में न तो पार्टी और न ही संप्रग में किसी प्रकार की कोई चर्चा है।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने आईएएनएस को बताया, "यह सही है कि राहुल गांधी को बड़ी भूमिका के लिए तैयार किया जा रहा है। एक दिन वे जरूर प्रधानमंत्री बनेंगे लेकिन इस बारे में पार्टी ने अभी कोई फैसला नहीं लिया है। हम नहीं जानते कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद ही ऐसा हो जाए।"
पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्पष्ट कर दिया है कि मनमोहन सिंह ही प्रधानमंत्री हैं और इसमें कोई बदलाव नहीं हो रहा है।"
केंद्रीय मंत्री कमलनाथ ने भी यही कहा। उन्होंने कहा, "बदलाव का सवाल ही नहीं उठता। कांग्रेस अध्यक्ष ने पहले ही उनकी उम्मीदवारी घोषित कर दी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications