ओबामामय हुए ब्लॉग!

नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। "हमारे बच्चों के बच्चों को यह कहने का मौका मिले कि जब हम इम्तहान से गुजरे, तो हमने अपनी राह नहीं छोड़ी, हम पीछे नहीं हटे। हमारी नजरें क्षितिज पर टिकी रहीं।"

उम्मीद और बदलाव की लहरों पर सवार होकर अमेरिका की किस्मत बदलने निकले बराक हुसैन ओबामा ने मंगलवार को देश के 44वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद जब ये मंत्रमुग्ध कर देने वाले अल्फाज कहे, तो उन्हें सिर्फ अमेरिका ही नहीं बल्कि पूरा विश्व ध्यान से सुन रहा था। ऐसे में ब्लॉग जगत भला कैसे इनकी अनसुनी कर सकता था।

चुनाव अभियान से लेकर ओबामा की जीत तक के सफर पर चर्चा करने वाला ब्लॉग जगत मंगलवार को उनके शपथ ग्रहण समारोह को फोटो, वीडियो और पोस्टों में कैद करने में जुटा रहा। ब्लॉगर ओबामा की शपथ को ऐतिहासिक क्षण मान रहे हैं।

'ब्लॉगवाणी' पर एक ब्लॉगर ने लिखा- "अमेरिका ने पहली बार एक अश्वेत अफ्रीकी के बेटे को अपना मुखिया बनाकर दासता और रंगभेद के तकलीफदेह इतिहास का बदला लेने का संकल्प दिखाया है। वाशिंगटन मंगलवार को इसका गवाह बन गया।" 'हिंदयुग्म' ने तो ओबामा के पूरे भाषण को ही पोस्ट कर दिया है, जिसका शीर्षक है- "मैं बराक हुसैन ओबामा बोल रहा हूं।"

अंग्रेजी ब्लॉग 'ओबामा ब्लॉग' ने लिखा है कि ओबामा को अब वह कर दिखाना है, जिसके वादे से वह यहां तक पहुंचे हैं। उन्हें ऑल द बेस्ट कहते हुए ब्लॉगर ने लिखा- "मंदी की मार झेल रहे अमेरिका को ओबामा से चमत्कार की उम्मीद है, ऐसे में बस यही कहा जा सकता है- ऑल द बेस्ट प्रेजिडेंट।"

'आम्रपाली ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम' पर 'भारतीय ओबामा नामक कोई विचार है' शीषर्क से नए राष्ट्रपति ओबामा की चर्चा भारतीय राजनीतिक माहौल से जोड़कर चर्चा की गई है। एक अन्य हिंदी ब्लॉगर ने इराक पर उनके वक्तव्य को गंभीरता से लेते हुए लिखा है कि इराक मसले पर ओबामा को अपना वादा याद रखना होगा। उन्हीं के भाषण के एक अंश को पोस्ट किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हम जिम्मेदारी के साथ इराक को उसके लोगों के लिए छोड़ देंगे। अफगानिस्तान को लेकर उनकी बात को भी ब्लॉगर ने प्राथमिकता दी है कि उनका प्रशसान अफगानिस्तान में शांति लाएगा।

एक ब्लॉगर ने तो ओबामा के शपथ ग्रहण के साथ उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए लिखा है-"उम्मीद और बदलाव इन दो शब्दों के साथ राष्ट्रपति के साथ बड़ी जिम्मेदारी जुट गई है। इसे पूरा करना ओबामा के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि हालात रातों-रात बदलने वाले नहीं है। उनके सामने चुनौतियों का पहाड़ खड़ा है"

दूसरी ओर ओबामा के स्टाइल पर भी ब्लॉग जगत में पोस्टों की भरमार है। एक ब्लॉगर लिखता है कि शपथ ग्रहण समारोह में काले रंग का सूट और लाल रंग की टाई में आए ओबामा पर सभी की निगाहें टिकी थीं। अमेरिका की पहली महिला मिशेल ओबामा के परिधान पर ब्लॉगर ने लिखा है कि मिशेल सुनहरे रंग के परिधान में आकर्षक लग रही थीं।

ऐसे लाखों पोस्ट इन दिनों हिंदी और अंग्रेजी ब्लॉग जगत में आपको पढ़ने के लिए मिल जाएंगे। इन पोस्टों को पढ़ने के बाद आप कह सकते है कि ब्लॉग जगत ओबामामय हो चुका है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

**

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+