मालेगांव मामले में चार्जशीट दायर

महाराष्ट्र पुलिस ने मंगलवार को मालेगांव धमाकों के मामले में नासिक की विशेष मकोका अदालत में चार्जशीट दायर कर दिया है.
इस मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है जिसमें सेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल एसपी पुरोहित के अलावा साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, अजय राहिरकर, शिवनारायण कलसांगरा और शाम साहू शामिल है. इन पांच लोगों की जमानत याचिका का मामला भी अदालत के समक्ष आने वाला है.
इन पांचों के अलावा छह और लोगों को अभियुक्त बनाया गया है और ये सभी 20 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पी रघुवंशी ने बीबीसी को बताया कि पुलिस के पास मुल्ज़िमों के ख़िलाफ़ पुख्ता सबूत मौजूद हैं इसलिए उन्हें यक़ीन है कि इन्हें दोषी साबित करने में कामयाबी मिलेगी. हेमंत करकरे की मौत के बाद रघुवंशी को इस मामले की जांच सौपी गई थी.
महाराष्ट्र के मालेगांव में 29 सितंबर को मोटरसाइकिल के ज़रिए बम विस्फ़ोट किए गए थे जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी और 70 से अधिक लोग घायल हो गए थे.
इस मामले की जांच पहले आतंकवाद निरोधक दस्ता यानी एटीएस के प्रमुख हेमंत करकरे कर रहे थे जिनकी 26 नवंबर को मुंबई में हुए हमलों के दौरान मौत हो गई थी. इस मामले में सेना और हिंदू संगठनों के लिप्त होने की बात सामने आने के बाद ख़ासा बवाल हुआ था.


Click it and Unblock the Notifications