भाजपा से फिर अलग हुए कल्याण

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पहले भी एक बार भाजपा से अलग हो चुके कल्याण ने इस बार कहा है कि अब वो हमेशा के लिए भाजपा छोड़ने का निर्णय ले चुके हैं।
पार्टी को दिये गये इस्तीफे के साथ कल्याण ने भाजपा का एटा के टिकट को भी वापस कर दिया। उन्होंने कहा कि वो एटा से चुनाव नहीं लड़ेंगे, क्योंकि वो भाजपा में घुटन महसूस कर रहे हैं। हलांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि यदि उन्हें चुनाव लड़ना होगा तो वो एटा से ही लड़ेंगे।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह को इस्तीफा देते हुए कल्याण सिंह ने ऐटा से पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने के लिए धन्यवाद भी दिया।
मीडिया से बातचीत में कल्याण ने कहा कि भाजपा में शुरू से ही मेरी अनदेखी की गई है, साथ ही किसी भी गंभीर मसले व निर्णय में मुझे विश्वास में नहीं लिया गया तथा भाजपा की चुनाव सूची तैयार करते समय मुझे कोई जानकारी नहीं दी गई।
कल्याण ने कहा कि भाजपा में चल रही आंतरिक गुटबाजी का परिणाम आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा पांच-छह सीटों से अधिक पर जीत नहीं सकेगी।


Click it and Unblock the Notifications