इज़रायली सैनिकों की गजा से वापसी शुरु
जेरूसलम, 18 जनवरीः इज़रायल द्वारा फिलीस्तीन में युद्ध विराम की घोषणा के बाद आतंकवादी संगठन हमास ने भी गाजा में एक हफ्ते के सीमित युद्ध विराम की घोषणा कर दी। इसके बाद इजरायल ने अपने सैनिकों की गाजा सीमा से वापसी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि हमास ने युद्धविराम के लिए गजा से इज़रायली सैनिकों की वापसी की शर्त रखी और इसके लिए एक हफ्ते का समय दिया है। इजरायली टेलीविजन चैनल 10 ने इजरायली टैंकों और सैनिकों को फिलीस्तीन से इजरायल सीमा में प्रवेश करते हुए दिखाया।
एक इजरायली सैनिक ने इस बात की पुष्टि की कि सैनिकों की वापसी शुरू हो गई। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि इजरायल कितनी तादाद में अपनो सैनिकों की वापसी करेगा।
इससे पूर्व तेल अवीव में इजरायली प्रधानमंत्री एहुद ओल्मर्ट ने शनिवार रात को कहा था कि इजरायल स्थानीय समयानुसार शनिवार देर रात दो बजे से गाजा पट्टी में सैनिक कार्रवाई बंद कर देगा।
ओल्मर्ट ने कहा था कि संघर्ष विराम के बावजूद इजरायली सैनिक गाजा पट्टी में बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि गाजा में इजरायल ने अपने लक्ष्य से कहीं अधिक हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि हमास को भारी नुकसान पहुंचाया जा चुका है।
दूसरी ओर लेबनान में हमास के प्रतिनिधि ओसामा हमदान ने कहा है कि जब तक गाजा से इजरायली सैनिकों की घेराबंदी खत्म नहीं होती तब तक संघर्ष विराम नहीं हो सकता है।
इजरायल द्वारा एकतरफा संघर्ष विराम लागू किए जाने के बावजूद हमास ने लड़ाई जारी रखने का आह्वान किया है। हमदान ने शनिवार को कहा कि गाजा से इजरायली सैनिकों की वापसी और घेराबंदी खत्म करने के बाद ही हमास संघर्ष विराम पर गंभीरता से विचार करेगा।
हमास की सशस्त्र शाखा 'अल कस्सम बिग्रेड' ने कहा कि ओल्मर्ट की घोषणा इस बात को दर्शाती है कि गाजा में इजरायल ने फिलीस्तीन की सैन्य कार्रवाई शुरू होने से पहले ही हार स्वीकार कर ली है।


Click it and Unblock the Notifications