पाकिस्तान ने खैबर दर्रे को बंद किया

पाकिस्तानी अधिकारी के मुताबिक अफ़ग़ानिस्तान में गठबंधन सेना को सामग्री पहुँचाने के लिए इस्तेमाल होने वाले खैबर दर्रे को बंद कर दिया गया है.
संदिग्ध चरमपंथियों ने एक सैन्य शिविर पर हमला किया है जिसमें एक सैनिक की मौत हो गई है. इसके बाद खैबर दर्रा बंद कर दिया गया है.
चरमंथी हमलों में हाल के दिनों में बढ़ोत्तरी हुई है और इस कारण ये दर्रा पहले भी कई बार बंद किया जा चुका है. पिछले साल दिसंबर में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने इस रास्ते से चरमपंथियों का सफ़ाया करने की मुहिम चलाई थी.
अफ़ग़ानिस्तान में गठबंधन सेना तक सामग्री पहुँचाने के लिए खैबर दर्रा अहम रास्ता है. सेना को करीब 75 फ़ीसदी सप्लाई पाकिस्तान के रास्ते से ही मिलती है.
इलाक़े से एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि सैन्य शिविर पर हमले के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है. बच्चा खान ने रॉयटर्स को बताया," हम हमले की तैयारी कर रहे हैं, खैबर दर्रे के मुख्य कस्बों में कर्फ़्यू लगा दिया है. सीमा भी बंद कर दी गई है."
अफ़ग़ानिस्तान की ओर जाने वाले ट्रकों और सामान को कई बार खैबर दर्रे इलाक़े में हथियाने की कोशिश की जा चुकी है.
दिसंबर में पाकिस्तान सरकार ने करीब एक हफ़्ते तक यहाँ से काफ़िलों के आने-जाने पर रोक लगा दी थी. चरमपंथियों ने वहाँ 12 ट्रकों को अपने क़ब्ज़े में ले लिया था.
सैन्य अधिकारी किसी वैकल्पिक रास्ते की तलाश में हैं. अफ़ग़ानिस्तान में विदेशी सैनिकों के लिए सामग्री पहले पाकिस्तान में कराची की बंदरगाह भेजी जाती है और उसके बाद खैबर दर्रे या ब्लूचिस्तान में चमन के ज़रिए उसे सीमा पार अफ़ग़ानिस्तान पहुँचाया जाता है.


Click it and Unblock the Notifications