तो क्या सपाई बन जाएंगे कल्याण सिंह ?
उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में ऐसी तमाम अटकलें तब लगना शुरू हो गईं, जब कल्याण सिंह सपा प्रमुख से मिले। दोनों पार्टियों के कार्यालयों में इस बात की चर्चा गर्म है कि वे फिर से भाजपा छोड़ने का विचार कर रहे हैं।
कल्याण-मुलायम के बीच क्या बातचीत हुई इस बात का खुलासा दोनों नेताओं ने अभी नहीं किया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कल्याण पहले से ही सपा के संपर्क में हैं और वो भाजपा से बहुत ज्यादा खुश नहीं हैं।
असल में भाजपा ने कल्याण सिंह की बुलंदशहर संसदीय सीट से पार्टी नेता अशोक प्रधान को उम्मीदवार घोषित कर दिया है, जिससे कल्याण नाखुश हैं।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि फिलहाल उनके पार्टी छोड़ने की बात आरंभिक दौर में है। अभी यह तय नहीं हुआ है कि कल्याण भाजपा छोड़ेंगे या नहीं। सबसे अहम बात यह है कि सपा में शामिल होने से पहले कल्याण को एक छोटा सा माफीनामा देना होगा।