डीडीए घोटला : शक के घेरे में मॉल का मालिक
नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के फ्लैटों के आवंटन में कथित अनियमितताओं के मामले में दक्षिण दिल्ली स्थित एक शॉपिंग मॉल का मालिक भी शक के घेरे में है।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि मॉल के मालिक ने इस मामले में गिरफ्तार डीडीए के सेवानिवृत्त कर्मचारी एम. एल. गौतम और कुछ अन्य रियल स्टेट एजेंटों को 60 लाख रुपये दिए थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "हम कुछ बैंक खातों की छानबीन कर रहे हैं। जांच से पता चलता है कि वह इस घोटाले की बड़ी मछली साबित हो सकता है।"
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा उस पर नजर रख रही है और पूरा सबूत जुटाने के बाद ही उसकी गिरफ्तारी होगी।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध शाखा) ए. के. पटनायक ने कहा, "मैं न तो इससे इंकार कर रहा हूं और न ही इसकी पुष्टि कर रहा हूं। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।"
दरअसल, इस मामले में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के सेवानिवृत्त कर्मचारी एम. एल. गौतम और राजू राम नाम के एक प्रापर्टी डीलर को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक गौतम ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति श्रेणी में फ्लैटों के आवंटन के लिए 1,200 से अधिक आवेदन किए थे। उसे 40 फ्लैटों का आवंटन भी हुआ था।
डीडीए के फ्लैट आवंटन में कथित अनियमितताओं के मामले में अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले राजस्थान के झुंझुनू से लक्ष्मीनारायण मीणा और दिल्ली के दीपक कुमार की गिरफ्तारी हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications