न्यायालय में धमाका कर 10 कैदी फरार
यह वारदात न्यायालय हवालात में शुक्रवार शाम को तब हुई जब यहां की मुख्य न्यायिक दंडाधिकरी के न्यायालय हवालात से नक्सलियों को जेल ले जाना था। कुछ अज्ञात लोगों ने अचानक बमों से हमला कर दिया तथा कई चक्र गोलियां भी चलाईं।
पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें पकड़ने के प्रयास किये तो पुलिस की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसी हमले के दौरान दो नक्सली समेत 10 अपराधी भागने में सफल रहे। इस हमले में दो पुलिस जवान विनोद सिंह तथा रवि सिंह घायल हो गए।
इस बीच पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि नक्सलियों ने अपने साथियों को भगाने के लिए यह कार्रवाई की है। पुलिस पुलिस अधीक्षक विनय कुमार के मुताबिक भागने वालों में नक्सली कमांडर रमेश हेम्ब्रम, विवेका यादव तथा तुफा मुर्मू के अलावे जमुई जिले का कुख्यात अपराधी मुन्ना साह, गोरे लाल तांती, बसीर मियां तथा विलास यादव प्रमुख हैं।
पुलिस के अनुसार फरार संदिग्ध अपराधियों आर नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए जमुई थाना क्षेत्र की नाकेबंदी कर दी गई है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश डाली जा रही हैं।