'राहुल गांधी एक दिन पीएम जरूर बनेंगे'

खुर्शीद ने आईएएनएस के साथ साक्षात्कार के दौरान कहा कि उत्तरप्रदेश में मुसलमान कांग्रेस की ओर आकर्षित हैं, लेकिन वे पार्टी को वोट तभी देंगे जब उन्हें इस बात का अंदाजा हो जाए कि पार्टी चुनाव जीतने की स्थिति में है। लिहाजा लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी से चुनावी गठबंधन की जरूरत है।
पार्टी की उत्तरप्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्व विदेश राज्य मंत्री खुर्शीद से जब पूछा गया कि क्या राहुल गांधी देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे? इस पर खुर्शीद ने कहा, "राहुल आगामी लोकसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।"
खुर्शीद ने कहा, "मैं सोचता हूं कि उन्हें अपनी मानसिक तैयारी के लिए छोड़ देना चाहिए। वह खुद अपना मन बनाएंगे या फिर उनकी मां सोनिया गांधी उनके बारे में फैसला करेंगी। वह किसी जल्दबाजी में नहीं लगते। वह जो कर रहे हैं, उसके बारे में उन्हें अच्छी तरह पता है।"
खुशीद ने आगे कहा, "फिर भी यह तो तय है कि एक न एक दिन वह देश के प्रधानमंत्री अवश्य बनेंगे। मुझे उम्मीद है कि वह देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे। मैं समझता हूं कि वह पार्टी के शीर्ष नेताओं में से हैं और यह बिल्कुल साफ है कि वह शिष्टाचार व लोकतंत्र में पूरा भरोसा रखते हैं।"
फिल्म अभिनेता संजय दत्त के समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ से लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा पर खुर्शीद ने कहा, "वैसे तो यह संजय की इच्छा पर निर्भर है लेकिन मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि वे सपा के टिकट पर चुनाव क्यों लड़ रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications