राजनीति से दूर रहें संजय दत्त: ज्योतिष

देशभर के मशहूर ज्योतिषियों और टैरो कार्ड विशेषज्ञों का मानना है कि संजय के लिए राजनीति शुभ नहीं है, लिहाजा इसमें प्रवेश से पहले उन्हें काफी सोच-समझकर फैसला करना चाहिए क्योंकि इसमें उन्हें बदनामी झेलने का भी डर है।
मशहूर ज्योतिषी अजय भांबी ने कहा, "संजय का बृहस्पति मजबूत नहीं है, इस कारण मैं उन्हें राजनीति के क्षेत्र में ताकत हासिल करते हुए नहीं देख रहा हूं। किसी तरह अगर वे चुनाव जीतने में सफल रहे तो भी वे नाम नहीं कमा सकेंगे।
उल्टे उन्हें राजनीति में बदनामी झेलनी पड़ सकती है। संजय फिल्मों में ही रहें तो उनके लिए अच्छा है। उनका काम मनोरंजन करना है और उन्हें इसी में बने रहना चाहिए।"
टैरोट कार्ड विशेषज्ञ पूनम सेठी ने भी कुछ ऐसी ही संभावना व्यक्त की। उनका कहना है कि वह संजय को सीधे तौर पर राजनीति से जुड़ने की संभावना नहीं देख रही हैं।
बकौल सेठी, "मेरे कार्ड कहते हैं कि संजय सीधे तौर पर राजनीति से नहीं जुड़ेंगे। उनकी पत्नी इसमें उतर सकती हैं। मैं संजय को राजनीति में आते नहीं देख रही हूं। अगर किसी तरह वे इसमें प्रवेश कर भी गए तो वे ज्यादा दिन तक नहीं टिक सकेंगे। मेरे लिहाज से उनके लिए राजनीति का शो फ्लॉप रहेगा।"
संजय को हालांकि देश के सबसे मशहूर ज्योतिषियों में एक बेजन दारूवाला की बातों से थोड़ा सुकून मिल सकता है।
दारूवाला ने संजय के राजनीति जीवन पर कुछ भी कहने से इंकार किया लेकिन उनका मानना है कि संजय के सितारे अप्रैल के बाद बुलंद हो सकते हैं।
बकौल दारूवाला, "संजय की सिंह राशि है। इस राशि के लोग प्रतिभा और ऊर्जा से भरपूर होते हैं। एक अभिनेता के तौर पर संजय ने खुद को साबित किया है।
मैं तो बस इतना कहना चाहूंगा कि इस साल अप्रैल से उनका करियर नया मोड़ लेगा और जिससे उन्हें काफी खुशी मिलेगी। राजनीति जीवन का हिस्सा है। मैंने कहा है कि संजय अपने जीवन में खुश और सफल रहेंगे, इस लिहाज से मेरा मानना है कि वे राजनीति में भी सफलता हासिल कर सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications