बिहार में कर्मचारियों का हड़ताल 10वें दिन भी जारी

बिहार राज्य सचिवालय संघ के महासचिव अनिल कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि हड़ताली कर्मचारी संगठन बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी संघ (गोप गुट) तथा बिहार सचिवालय सेवा संघ की बैठक शनिवार को होगी जिसमें हड़ताल को और प्रभावी बनाने की नीति पर विचार किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि हड़ताल के कारण राज्य के सरकारी विभाग पूरी तरह पंगु बन गए हैं।
बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार राज्य के विकास की बात कर रही है परंतु कर्मचारियों की सुविधा का उसे ख्याल नहीं है।
उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि सरकार को इसका खामियाजा भुगतना होगा। दूसरी ओर बिहार सरकार का मानना है कि कर्मचारियों को सरकार द्वारा जो दिया जाना था वह दिया जा चुका है और उनकी सभी मांगों को मानना सरकार की सीमा के बाहर है।
उल्लेखनीय है कि छठे वेतनमान को केन्द्र सरकार की तर्ज पर लागू करने की मुख्य मांग को लेकर राज्य के अराजपत्रित कर्मचारी महासंघों और राज्य सचिवालय संघ के आह्वान से सात जनवरी से राज्यभर के अधिकांश कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications