मुंबई हमले पर पाकिस्तान में जांच शुरू (लीड-1)
इस्लामाबाद, 16 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान में तीन सदस्यीय समिति ने मुंबई हमले के संदर्भ में अपनी जांच शुरू कर दी है। यह समिति इस सप्ताहांत एक जांच रिपोर्ट पाकिस्तान सरकार को सौंप सकती है।
इस समिति की अध्यक्षता पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के अतिरिक्त महानिदेशक जावेद इकबाल कर रहे हैं। उनके अलावा इस समिति में आतंकवाद विरोधी मामलों के विशेषज्ञ खालिद कुरैशी और लियाकत अली खान शामिल हैं।
पाकिस्तानी गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि समिति को जल्द से जल्द जांच पूरी करने और जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक इस संबंध में साप्ताहिक रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है।
इस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "समिति को इस बात के अधिकार दिए गए हैं कि वह जरूरत पड़ने पर जांच में वह भारतीय खुफिया अधिकारियों से भी संपर्क कर सकते हैं।"
अधिकारी के मुताबिक समिति अपनी पहली जांच रिपोर्ट इस सप्ताह के आखिर तक सौंप सकती है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में ताजमहल होटल और ओबरॉय होटल समेत कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में लगभग 175 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications