गाजा में संघर्षविराम के प्रयास तेज
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक इजरायल की विदेश मंत्री जिपी लिवनी गुरुवार रात वाशिंगटन के लिए रवाना हुईं। वह अमेरिका के साथ गाजा में हथियारों की तस्करी पर होने वाले एक समझौते पर हस्ताक्षर करेंगीं।
इजरायल के वरिष्ठ राजनयिक अमोस गिलाड एक बार फिर मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंच रहे हैं। उन्होंने वहां गुरुवार को मिस्र की ओर से किए जा रहे संघर्षविराम के प्रयास के तहत हमास के पक्ष को सुना था। इसके बाद वह गुरुवार रात ही इसकी जानकारी इजरायल के शीर्ष नेतत्व को देने जेरुशलम पहुंच गए थे।
माना जा रहा है कि गिलाड के काहिरा पहुंचने के बाद ही मिस्र के संघर्षविराम संबंधी प्रयास पर इजरायल के आखिरी रुख के बारे में पता चल पाएगा।
दूसरी ओर हमास ने इस सप्ताह के शुरू में ही ऐलान किया था कि उसने कुछ बदलावों के साथ मिस्र की ओर से किए जा रहे संघर्षविराम के प्रयास को सैद्धांतिक तौर पर स्वीकार कर लिया है।
उधर, गुरुवार देर रात भी इजरायल ने गाजा पर हमला जारी रखा। इजरायली सेना ने गाजा में 40 जगहों को निशाना बनाया।
गौरतलब है कि 27 दिसंबर, 2008 से गाजा पर शुरू हुए इजरायली हमले में 1,050 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और 5,130 से ज्यादा घायल हुए हैं। मरने वालों और घायलों में अधिकांश नागरिक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications