माया का जन्मदिन: सपाईयों को मिली लाठियां

गुरुवार को मायावती के जन्मदिन को विपक्षी सपा ने 'थू-थू दिवस' के रुप में मनाया। कांग्रेस ने 'ललकार दिवस', लोक जनशक्ति पार्टी ने 'ख़ूनी दिवस' और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी ने 'शोषित दिवस' के रुप में मनाया। इन सभी में सबसे ज्यादा उग्र सपाई रहे, जिसके बदले में उन्हें लाठियां खानी पड़ीं।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन को थू-थू दिवस के रूप में मनाने के लिए सपा के कार्यकर्ता विधान भवन के पास जमा हुए। सपा कार्यकर्ता पिछले 24 दिसंबर को औरेया में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एमके गुप्ता की हत्या का कारण जन्मदिन के लिए जबरन वसूली बता रहे हैं।
लाठीचार्ज की निंदा करते हुए सपा के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा कि राज्य में अराजकता की स्थिति है तथा पुलिस बेलगाम हो गई है। मुख्यमंत्री के इशारे पर पुलिस का रवैया सपा कार्यकर्ताओं पर दमनात्मक है।
माया को मिला दोगुना चंदा
उधर मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन पर एक प्रेस वार्ता कर अपने विपक्ष को खुली चेतावनी दी है। माया ने कहा है कि विपक्ष ने अपने फायदे के लिए इंजीनियर मनोज गुप्ता हत्याकांड को मेरे जन्म दिन से जोड़ा है।
मायावती ने कहा है कि इस बार उनकें जन्म दिन पर पिछले बार से दो गुना चंदा पार्टी कार्यकर्ताओं ने बसपा को दिया है। उनका कहना था, "भला हो विपक्षी दलों की नाटकबाज़ी का जिसके कारण बहुजन समाज पार्टी को नुकसान के बज़ाए भारी आर्थिक फायदा हुआ है और इस बार चंदे में मिली रकम दोगुनी हो गई है।"
गौरतलब है कि हाल ही में एटा में पीडब्लूडी इंजीनियर मनोज गुप्ता हत्याकांड में बसपा के विधायक का नाम आया। बसपा विधायक पर मायावती के जन्मदिन के लिए चंदा वसूली को लेकर हत्या करवाने का आरोप है।


Click it and Unblock the Notifications