राहुल के साथ मिलिबैंड का अमेठी दौरा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को ब्रितानी विदेश मंत्री डेविड मिलिबैंड को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी की सैर कराई. मिलिबैंड बुधवार की रात वहीं बिताएंगे.
स्थानीय पत्रकार आलोक श्रीवास्तव ने अमेठी से जानकारी दी कि बुधवार को इस क्षेत्र का दौरा करने के बाद डेविड मिलिबैंड और राहुल गांधी ने पत्रकारों से भी बातचीत की. ब्रितानी विदेश मंत्री का कहना था कि वो अमेठी राहुल गांधी के निमंत्रण पर आए हैं.
उनका कहना था कि उन्होंने भारत के बड़े शहरों का दौरा किया है लेकिन उन्होंने भारत के ग्रामीण जीवन को कभी नहीं देखा था. डेविड मिलिबैंड ने राहुल गांधी की प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने इस क्षेत्र के लोगों की शिक्षा के माध्यम से ज़िंदगी बदलने अच्छा प्रयास किया है.
डेविड मिलिबैंड बुधवार की रात अमेठी में ही बताएँगे और ऐसी ख़बरें हैं कि उनके सोने के लिए चारपाई की व्यवस्था की गई है.
युवा नेता
ग़ौरतलब है कि दोनों नेता युवा हैं और माना जा रहा है कि दोनों भविष्य में अपने देशों को नेतृत्व प्रदान कर सकते हैं. डेविड मिलिबैंड और राहुल गांधी दोनों युवा नेता हैं
राहुल गांधी के आगे चलकर कांग्रेस पार्टी के नेतृ्त्व संभालने की चर्चा है, वहीं ब्रितानी विदेश मंत्री डेविड मिलिबैंड के नेतृत्व संबंधी महत्वाकांक्षाओं को लेकर ब्रिटेन में कयास लगाए जाते रहे हैं.
कांग्रेस की उत्तरप्रदेश इकाई के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने पत्रकारों को बताया,'' राहुल गांधी और डेविड मिलिबैंड के नेतृत्व में ब्रिटेन का एक प्रतिनिधिमंडल दो दिनों तक अमेठी में रहेगा.''
उन्होंने बताया, '' ये प्रतिनिधिमंडल विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का निरीक्षण करेगा. साथ ही वे सहकारी दुग्ध योजना का भी जायजा लेंगे.''
उल्लेखनीय है कि हाल में राहुल गांधी ब्रिटेन के दौरे पर गए थे. उस दौरान डेविड मिलिबैंड ने भारत के गांवों में विकास कार्य देखने की इच्छा जाहिर की थी. उस दौरान राहुल गांधी ने उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी का दौरा करने का निमंत्रण दिया था.


Click it and Unblock the Notifications