मिलिबैंड ने झोपड़ी में बिताई रात

मिलिबैंड, कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के साथ बुधवार रात अमेठी जिले के भेतवा प्रखंड के एक गांव सेमरा पहुंचे जहां उन्होंने करमा नामक एक ग्रामीण महिला की झोपड़ी में रात बिताई। राहुल गांधी भी इसी गांव में एक अन्य ग्रामीण महिला शिवकुमारी की झोपड़ी में ठहरे।
मिलिबैंड व राहुल बुधवार रात करीब 10.30 बजे सेमरा पहुंचे जहां राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट की मदद से चल रहा महिलाओं का एक स्वयं सहायता समूह उनके स्वागत के लिए मौजूद था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे जिनमें अधिकांश दलित थे।
अपने रात्रि प्रवास के दौरान मिलिबैंड ने ग्रामीण महिलाओं से कई मुद्दों पर बातचीत की। चूंकि मिलिबैंड केवल अंग्रेजी समझते हैं और ग्रामीण महिलाओं को अंग्रेजी का ज्ञान नहीं है इसलिए राहुल ने दुभाषिए की भूमिका निभाई।
बातचीत के दौरान मिलिबैंड ने महिलाओं से पूछा कि वे अंग्रेजी भाषा को किस नजरिए से देखती हैं? इस पर एक बुजुर्ग महिला ने उठकर कहा, "हम अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से ही शिक्षा दिला रहे हैं क्योंकि आजकल इसके बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है।"
मिलिबैंड ने सेमरा के निवासियों को बताया कि ब्रिटेन में करीब 15,00000 भारतीय रह रहे हैं और वे वहां हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मिलिबैंड और राहुल गुरुवार सुबह पांच बजे तक इस गांव में रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications