शांति प्रयासों के बीच इसराइली हमले तेज़

इसराइल ने ग़ज़ा के शहरी इलाक़ों में लगभग सौ ठिकानों पर बमबारी की है. इस बीच मिस्र की अगुआई में हमले बंद करने की कोशिशें तेज़ हो गई हैं.इसराइली सेना अब ग़ज़ा के चुनिंदा इलाक़ों को निशाना बना रही है.
सेना का कहना है कि ताज़ा बमबारी में 55 सुरंगों को ध्वस्त कर दिया गया जिनका इस्तेमाल हथियारों की तस्करी में होता था.हमलों के मद्देनज़र घरबार छोड़ने वाले फ़लस्तीनियों की संख्या बढ़ती जा रही है.
फ़लस्तीनी अधिकारियों के मुताबिक 19 दिनों से चल रही लड़ाई में 970 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास का कहना है कि उसके हमले में कई इसराइली सैनिक मारे गए हैं लेकिन इसराइल ने इसका खंडन किया है.
बाल अधिकार पर संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनीसेफ ने हमलों में हताहत हो रहे बच्चों की संख्या पर चिंता जताई है और इसराइल पर बाल अधिकारों के प्रति सम्मान न दिखाने का आरोप लगाया है.
कूटनीतिक प्रयास
लड़ाई के बीच शांति की कोशिशें भी चल रही हैं. मिस्र के राष्ट्रपति होस्नी मुबारक ने ताज़ा स्थिति पर सऊदी अरब के किंग अब्दुल्ला से बात की है.ऐसी ख़बरें हैं कि मिस्र हमास नेतृत्व पर युद्धविराम स्वीकार करने का दबाव बना रहा है.
इससे पहले हमास के एक प्रवक्ता समी अबू ज़ौहरी ने कहा कि कोई भी समझौता तभी हो सकता है जब इसराइली हमलें बंद हो जाएँ और उसकी सेना पूरी तरह वापस लौट जाए.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून मध्य-पूर्व की यात्रा पर हैं जहाँ वे क्षेत्रीय नेताओं से बात करेंगे. न्यूयॉर्क से रवाना होने से पहले उन्होंने कहा, "मैं दोनों पक्षों से कहता हूँ, बस अब रुक जाओ."


Click it and Unblock the Notifications