मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई संगम में डुबकी
मान्यता है कि इलाहाबाद स्थित गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर माघ महीने के दूसरे स्नान पर्व मकर संक्रांति पर डुबकी लगाने से पुण्य मिलता है। संगम में स्नान के लिए लाखों श्रद्धालु मंगलवार को ही जमा हो गए थे।
इलाहाबाद के जिलाधिकारी राजीव अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया कि संगम और माघ मेला क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टर में बांटकर पुलिस उपाधीक्षकों और उपजिलाधिकारियों की तैनाती की गई है।
मान्यता है कि मकर संक्रांति पर गंगा स्नान से तमाम कष्टों से छुटकारा मिल जाता है और धन-धान्य में वृद्धि होती है।
इलाहाबाद में संगम के अलावा गऊ घाट, बलुआ घाट व सरस्वती घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। कानपुर और वाराणसी के घाटों पर भी हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा नदी में डुबकी लगाई।
मकर संक्रांति के अवसर पर वाराणसी के काशी विश्वनाथ, लखनऊ के मनकामेश्वर, कानपुर के पनकी और परमट मंदिरों में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications