बिहार में सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी (लीड-1)
इधर, बिहार शिक्षा सेवा संघ ने भी 17 जनवरी से हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। संघ के मंत्री अजीत कुमार ने बताया कि सरकार अगर कर्मचारियों की मांग नहीं मानती है तो संघ अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 17 जनवरी से हड़ताल पर चला जाएगा।
हड़ताल के कारण अस्पतालों, प्रखंड कार्यालयों से लेकर सचिवालय तक में कामकाज लगभग ठप्प हैं। इस बीच कई संगठनों ने कहा है कि 16 जनवरी को प्रत्येक जिला मुख्यालय तथा 23 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा।
बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महामंत्री मंजूल दास ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कुछ संवर्गो को आनन-फानन में केंद्रीय वेतनमान देने की घोषणा कर दी है परंतु वे छठे वेतनमान को केंद्र की तर्ज पर लागू करने से पीछे हट रहे हैं।
बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के महामंत्री सुरेश चंद्र सिंह ने बताया कि राज्य के सभी अस्पताल एवं कार्यालयों में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने हड़ताल को शत-प्रतिशत सफल बताते हुए कहा कि मांगों के पूरा नहीं होने तक स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल पर डटे रहेंगे।
इधर, सरकार हड़ताली कर्मचारियों से सख्ती से निपटने की तैयारी कर रही है। उपमुख्यमंत्री मोदी ने कहा कि विकास कार्य की कीमत पर हड़तालकर्मियों की मांगें नहीं मानी जाएंगी। सरकार हड़ताली कर्मचारियों से सम्मानजनक वार्ता करने को तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications