ओबामा के कंधे पर अपेक्षाओं और चुनौतियों का बोझ होगा
वाशिंगटन, 14 जनवरी(आईएएनएस)। हाल के वर्षो में किसी भी अमेरिकी नेता ने इतने जटिल और चुनौतीपूर्ण हालात में राष्ट्रपति की कुर्सी नहीं संभाली होगी, जितने जटिल हालात में बराक ओबामा सत्ता की कमान संभालने जा रहे हैं। उनके कंधे पर अपेक्षाओं और चुनौतियों का भारी बोझ होगा।
ओबामा ऐसे वक्त शासन की बागडोर संभालने जा रहे हैं जब अमेरिका समेत पूरी दुनिया गहरे आर्थिक संकट की चपेट में है। अमेरिका के सामने कई ज्वलंत चुनौतियां हैं। यही वजह है कि ओबामा से लोगों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। सच तो यह है कि हाल के वर्षो में किसी भी दूसरे राष्ट्रपति से इतनी अपेक्षा नहीं की गई जितनी ओबामा से।
देश की जनता को उम्मीद है कि ओबामा अमेरिका को न सिर्फ विदेशी धरती पर अलोकप्रिय युद्घ लड़ने की परंपरा से मुक्ति दिलाएंगे, बल्कि देश की छवि भी निखारेंगे। उनसे पिछले 70 वर्षो की सर्वाधिक भीषण मंदी से जनता को मुक्ति दिलाने की उम्मीद भी की जा रही है।
ओबामा 20 जनवरी को शपथ लेंगे। उन्हें आर्थिक नीतियोंे को सही दिशा देने के लिए अमेरिकी कांग्रेस से संतुलित समीकरण बनाए रखना होगा। ओबामा कह चुके हैं कि अगर देश की संसद ने भरपूर सहयोग नहीं किया तो 2009 में 40 लाख अमेरिकी नौकरियां खत्म हो जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications