सऊदी जहाज़ को 'छुड़ाया गया'

दो महीने पहले अगवा किए गए सऊदी अरब के एक बड़े तेल टैंकर को सोमाली समुद्री लुटेरों से छुड़ा लिया गया है. कहा जा रहा है कि इसके लिए फ़िरौती दी गई.समुद्री लुटेरों ने कीनियाई तट से दूर हिंद महासागर में पिछले 17 नवंबर को इसे अगवा कर लिया था.
सीरियस स्टार नाम का यह जहाज़ अब तक का सबसे बड़ा तेल टैंकर था जिसका 25 कर्मचारियों सहित अपहरण कर लिया गया था. अधिकारियों का कहना है कि इस पर दो लाख बैरल तेल लदा हुआ है जो सऊदी अरब के प्रतिदिन के उत्पादन का एक चौथाई है.
इसकी क़ीमत 20 करोड़ डॉलर आंकी गई है.
समुद्री लुटेरों के साथ मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले व्यक्ति ने बीबीसी को बताया कि इस जहाज़ को छुड़ाने के लिए 30 लाख डॉलर (लगभग 15 करोड़ रुपए) की रकम फ़िरौती के रुप में दी गई.
तेल से लदे इस टैंकर की क़ीमत 20 करोड़ डॉलर आँकी गई थी
बहरीन में संयुक्त नौसेना ने कहा है कि ऐसा लगता है कि सीरियस स्टार पर मौजूद लुटेरों को फ़िरौती की रक़म मिल गई है जो एक विमान से पैराशूट में बाँधकर गिराई गई थी.
इस जहाज़ के अपहरण के बाद दुनिया भर के देशों को एक बार फिर पता चला कि सोमालियाई तट के क़रीब समुद्री लुटेरों का ख़तरा कितना बड़ा है.
यहाँ पिछले एक साल में समुद्री लुटेरों के हमलों की कोई सौ घटनाएँ हो चुकी हैं.इस समस्या से निपटने के लिए इस महीने के अंत तक एक संयुक्त सेना का गठन होना है.
समुद्री लुटेरे यूक्रेन के जहाज़ को अभी भी अपने कब्ज़े में रखे हुए हैं. सितंबर में अगवा किए गए इस जहाज़ पर 33 टैंक और कई अन्य हथियार लदे हुए हैं.


Click it and Unblock the Notifications