दुर्रानी की बर्खास्तगी राष्ट्रहित में : गिलानी
इस्लामाबाद, 10 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार महमूद अली दुर्रानी की बर्खास्तगी का फैसला राष्ट्र हित में लिया गया है और उनके फैसले को राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी का भी समर्थन हासिल है।
समाचार चैनल 'जियो टीवी' पर शनिवार को प्रसारित रिपोर्ट के अनुसार गिलानी ने एक संगोष्ठी के बाद संवाददाताओं से बातचीत में ये विचार व्यक्त किए।
गिलानी ने कहा कि दुर्रानी को बर्खास्त करने के उनके फैसले को जरदारी का समर्थन हासिल है। उन्होंने कहा कि यह फैसला राष्ट्रहित में किया गया है। गिलानी ने कहा कि लोकतांत्रिक देश होने के नाते सरकार के सदस्यों के बीच एकरूपता और सहमति होनी चाहिए।
गिलानी ने बताया कि उन्होंने आईएसआई प्रमुख से मुलाकात की है। जिन्होंने उन्हें मुंबई हमलों के बारे में भारत की ओर से अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के माध्यम से उपलब्ध कराए गए 52 पृष्ठों के दस्तावेज के बारे में जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि उस दस्तावेज के बारे में आईएसआई की प्रतिक्रिया से भारत को अवगत करा दिया गया है। उसके बाद से इस दिशा में कुछ नहीं हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications