शेखावत मसले में राजनाथ बैकफुट पर
भोपाल, 10 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व उप राष्ट्रपति भैरो सिंह शेखावत पर तल्ख टिप्पणी करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह बैकफुट पर आ गए है। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी तलवार को मयान में वापिस कर शेखावत पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
मध्यप्रदेश के विधायक प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करने यहां आए राजनाथ सिंह ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान शेखावत से जुड़े सवालों पर टाला-मटोली की। उन्होंने शेखावत की इस बात को सही बताया कि जब शेखावत जनसंघ के सदस्य हुआ करते थे तब उनका जन्म भी नहीं हुआ था। शेखावत कहां से चुनाव लड़ेंगे यह तो राजनाथ ने नहीं बताया, लेकिन इतना जरूर कहा कि वे खुद गाजियाबाद से चुनाव लड़ने जा रहे है।
राजनाथ सिंह ने शेखावत द्वारा लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताने पर कहा था कि गंगा स्नान के बाद कुआं में नहीं नहाया जाता। क्या इस जवाब पर वे अब भी कायम है तो राजनाथ 'राम-राम आप कैसी बात करते है' कहकर रह गए। इतना ही नहीं कई और सवालों पर भी उन्होंने 'राम-राम' कई बार दोहराया।
समाजवादी पार्टी ने लखनऊ से सजय दत्त को उम्मीदवार बनाया है तो उनके मुकाबले में भाजपा का उम्मीदवार कौन होगा? इस पर उन्होंने कहा कि पार्टी इस पर विचार कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications